अनलिखी स्त्रियाँ
✍️ अनीता सैनी
सबसे कठिन है
उन स्त्रियों को पढ़ पाना
जिन्हें
लिखना नहीं आता।
दुःख का दाग
उनकी ओढ़नी पर नहीं,
आँखों में
रेत की महीन किरच-सा
अटका रहता है।
वे रास्ते नहीं नापतीं,
अपने ही चारों ओर
एक वृत्त रचती हैं।
उसी वृत्त में
उम्र
अपनी एड़ियाँ
धीरे-धीरे घिसती रहती है।
हर सुबह
एक नया दिन जन्म लेता है,
और हर रात
वे किसी अधूरी कविता के भीतर
धीरे-धीरे उतर जाती हैं—
जहाँ
हर दिन वे
एक नए उपन्यास की
अनकही नायिकाएँ होती हैं।

आपकी लिखी रचना "पांच लिंकों के आनन्द में सोमवार 10 अगस्त, 2026 को लिंक की जाएगी .... http://halchalwith5links.blogspot.in पर आप भी आइएगा ... धन्यवाद!
जवाब देंहटाएंसुंदर
जवाब देंहटाएं