Powered By Blogger

मंगलवार, मई 19

अधखुला किवाड़


अधखुला किवाड़
✍️ अनीता सैनी
……
किसी वृक्ष का नाम नहीं लिखना,
न किसी ऋतु का।

इतना भर रहने देना
हर मुस्कान आश्रय नहीं होती,
और हर क्षमा
लौटना नहीं होती।

जो टूटता है
वह हमेशा दिखाई नहीं देता।
कुछ टूटनें
पहले से ही
आकाश की चुप्पी में लिखी होती हैं।

कई बार
एक चिड़िया का विश्वास टूटता है,
और आकाश
देर तक
अपनी ही आवाज़ नहीं पहचानता।

एक समय पर
उसने हवा को दोष दिया
सांकल की काँपती ध्वनि के लिए।
तब कहीं
यह आभास हुआ
कुछ आहटें बाहर नहीं,
भीतर जन्म लेती हैं।

वे इतनी भीतर धँस जाती हैं
कि स्मृतियाँ भी
उन ओर जाने से बचती हैं।

फिर भी
आवाज़ की महीन किरचें
आत्मा में कहीं
अटकी रह जाती हैं।

पर स्मृतियाँ
इतनी शांत कहाँ होती हैं
वे अँधेरे की तहों से
फिर वही स्वर उठा लाती हैं,
जिनके बाद
नींद बहुत हल्की हो जाती है।

और वह
पुरानी दीवार-सी
अपने भीतर की दरारों में
वही पदचिह्न टटोलने लगती है
जैसे भीतर
अब भी कोई किवाड़
अधखुला हो।

शनिवार, मई 9

धूप और छाँव के बीच


धूप और छाँव के बीच

✍️ अनीता सैनी


वृक्ष देखता है-

धूप, छाँव के खेल में

कौन कितना झरा,

और अंत में

किसके हिस्से बची धूप


वे

आते-जाते पाँव

कितने कँपे,

कितनी देर तक

ठहरी रही धरती,

और साँसें

पिघलकर

कितनी बह गईं।


प्रतीक्षा 

धीरे-धीरे

बिखरती रही

कठोर होती हुई भी

मिट्टी-सी नर्म रहकर

टूटती रही।


वह स्वयं

सहारा ढूँढ़ती रही

थोड़ा पत्थर हो जाने भर को।


पर समझ नहीं पाई

जीवन में अधिक पीड़ा

धूप देती है

या छाँव।


धूप

देह जलाती है,

पर छाँव

कभी-कभी भीतर उतरकर

टटोलती है

कि साँसें

अब भी बची हैं क्या,

प्राण

शेष हैं भी

या नहीं।


और तब लगता है

दुनिया में उतरना नहीं,

उतरने का अभिनय करना भर ही 

अब शेष रह गया है।


जैसे थका हुआ वृक्ष

अपने ही साये से पूछे-


“क्या सचमुच

मैं अब भी खड़ा हूँ?”

गुरुवार, मई 7

भात की गंध


भात की गंध
✍️ अनीता सैनी

‘था’
अक्सर
दीवारों पर चिपका रह जाता है
धुएँ की पतली परत बनकर,
जिसे बरसों बाद भी
उँगलियाँ छू लें
तो गंध लौट आती है।

और जो ‘होगा’
वह चौखटों पर टँगा रहता है
पुरानी चाबियों की तरह,
जिनसे
अब कोई दरवाज़ा नहीं खुलता,
पर स्त्रियाँ
उन्हें फेंकती भी नहीं हैं।

पर ‘है’
वह रसोई में
चुपचाप जलती आँच की तरह होता है,
जिस पर
भात सुबह-शाम पकता रहता है।

भात उफ़नता है
पानी के साथ
बार-बार बाहर झाँकता है,
पर कोई कवि
ढक्कन पूरा नहीं हटाता
वह
किनारे से
थोड़ा सरकाकर देखता है
कि भात कितने पके हैं।

कुछ कविताओं में
जले भात की गंध लौटती है,
कुछ में
अधपके दानों की कड़वाहट।

पर ‘है’
धीमे-धीमे देर तक 
सबसे अधिक जलता है,
और सबसे कम दर्ज होता है।

जली लकड़ी की राख की तरह,
जिसे
चूल्हे से उठाकर
चुपचाप बाहर फेंक दिया जाता है।

रविवार, अप्रैल 26

प्रतीक्षा से परे


प्रतीक्षा से परे

✍️ अनीता सैनी


नदी के किनारे

बैठे रहना वर्षों तक 

प्रतीक्षा को साधना समझकर।


फिर एक दिन जाना

प्रतीक्षा

धीरे-धीरे धड़कनों को

पत्थर की चुप्पी में बदल देती है,

और करुणा

उसी पत्थर की दरारों से

फिर जल का रास्ता खोज लेती है।


विरह लिखा गया,

पीड़ा भी

और अंत में

एक सूखी पत्ती-सा लिख दिया गया

कि कुछ भी स्थायी नहीं होता।


न अपमान,

न प्रेम का आग्रह,

न ही वह आवाज़

जो दीवारों में गूँजकर

वापस लौट आती थी।


सब चुपचाप

समय की धारा में घुल जाता है

जैसे पगडंडी पर ठहरा पानी

धूप की पहली किरण में

बिना शोर सूख जाता है।


बस एक हल्की-सी नमी बचती है

चलते रहने की,

बिना पीछे देखे।


अब

कुछ नहीं किया जाता

न समझा जाता है,

न समझाया जाता है,

न माँगा जाता है,

न किसी को दोष दिया जाता है।

बस देखा जाता है

जैसे पेड़

ऋतुओं के आने-जाने को

अपनी जड़ों में दर्ज करते हैं,

जैसे नदी

किनारों को छूकर भी

उन्हें अपने साथ नहीं बाँधती।


भीतर अब

एक करुणा बहती है

निर्विकार, निरंतर

पत्थरों के लिए भी,

काँटों के लिए भी,

और उन हाथों के लिए भी

जिन्होंने छूकर

अपना कठोर होना सीखा था।


अब जाना गया है

दुनिया बाहर नहीं,

भीतर उगती है

मौन की मिट्टी में,

अनुभव की धूप में।


और वही भीतर का संसार

हर दिन

थोड़ा-थोड़ा परोसा जाता है

रोटी के साथ,

एक लंबी चुप्पी के साथ,

और उस मुस्कान के साथ

जिसमें अब कोई दावा नहीं,

कोई प्रतीक्षा नहीं

सिर्फ स्वीकृति की शांति है।


अब

डायरी में शब्द नहीं उतरते

बस

धीरे-धीरे

भीतर से बाहर

एक आकाश फैलता जाता है।


शनिवार, अप्रैल 18

धूप के माथे पर खिला एक फूल



धूप के
माथे पर खिला एक फूल

✍️ अनीता सैनी
…….
मरुस्थल में
जो प्यास लिए दौड़ती है,
वह मृगमरीचिका नहीं 
धूप के माथे पर
खिला एक फूल है।

पंखुड़ियों में उजास,
जड़ों में रेत की चुप्पी
पानी नहीं,
समय ही
रेत में उतरता है।

खेजड़ी-सा जीवन
धूप में भी
हरापन छुपाए रहता है।

नियति ने
उसके त्याग को ही
जल मान लिया है
उसे
वहीं रहने देना ही
शायद उसका जल है।

आकाश की ओर खुला,
जहाँ
सूरज से रंग उतरते हैं,
वह
गिरती हुई रोशनी के टुकड़ों में भी
अधूरा नहीं दिखता।

जड़ों तक मत जाना…
वहाँ
एक सूखा कुआँ है,
जहाँ प्रतीक्षाएँ
पानी नहीं,
रेत बनकर जम गई हैं।

वह फूल
भीतर से नहीं खिलता
धूप ही उसकी नमी है,
वही
उसे भीतर से सींचती है।

उसका प्रेम
ओस नहीं माँगता,
बस चुपचाप
समर्पित है,
और धीरे-धीरे
किसी और के उजाले में
अपना नाम
खो देता है।

यह भोग नहीं,
यह
कविता की देह है
जो छुई नहीं जाती,
बस जी जाती है।

अंत में
कुछ भी नहीं बचता,
सिवाय
एक फूल के
जो
धूप के माथे पर
अब भी
खिला है।

बुधवार, अप्रैल 8

मैंने ही सींचा था, यह अँधेरा


मैंने ही सींचा था, यह अँधेरा

✍️ अनीता सैनी

……

कविता के भीतर

एक सूखी नदी में

रात का बासी पानी उँडेला गया था।


दलदल

बारिश का नहीं,

ठहरे आँसुओं का घर है।


कविता की काया पर

खरोंचें नहीं,

पर भीतर

एक जंगल है

जहाँ हर पेड़

किसी नाम से घायल है

पर कुछ नाम

अब  पुकारे नहीं जाते।


धूप से मुँह मोड़ा गया,

छाँव पुकार ली गई,

और वही छाँव

धीरे-धीरे

एक लंबी, ठंडी सुरंग बन गई।


अब

उसी में बैठा है कोई,

जहाँ आवाज़

अपने ही कदमों से डरती है।


सपनों के घड़े

कभी भरे ही नहीं गए,

उनमें दरारें उकेरी गईं

कि कहीं भर गए

तो बह न निकलें।


और अब हथेलियों में

 बस

रेत बची है,

जो

हर बार छूट जाती है।


हार है

किसी युद्ध की नहीं,

भीतर के

धीरे-धीरे हारते

विश्वास की।


डूबना है

समंदर का नहीं,

उस कुएँ का

जो चारों ओर

खुद ही खोदा गया।


अब

किनारे नहीं खोजे जाते,

बस

अँधेरा कंधों पर रखकर

इतना भर कहा जाता है

यह रात

किसी और की नहीं,

सींची गई थी

यही मेरी कमाई है।

मंगलवार, मार्च 31

बाबा, अब तुम सो जाया करो


बाबा, अब तुम सो जाया करो
✍️ अनीता सैनी
…..
बाबा,
अब तुम सुकून से सो जाया करो।
रात को आँगन में
जब चाँद उतर आए,
तो उसकी चुप्पी
ओढ़ लिया करो।

दो वक़्त की रोटी
पेट भर खा लिया करो
अब मैं तुम्हारी थाली की
आख़िरी रोटी नहीं रही,
जो तुम चुपके से
मेरे हिस्से में सरका देते थे।

बाबा,
ज़िंदगी की लकीर
कुएँ के जल-सी नहीं,
हथेलियों की दरारों-सी होती है
चुपचाप रिसती रहती है।

मेरी फ़िक्र छोड़ दो,
अब तुम निश्चिंत हो जाया करो।

तुम कहते थे
“चार अक्षर पढ़ लेगी
तो दुनिया समझ जाएगी…”
देखो बाबा,
मैंने सच में
जीवन पढ़ लिया है।

अब कोई ठग
मेरी आँखों में धूप भरकर
मुझसे मेरा आकाश
नहीं छीन सकता।

तुम्हें आज भी
सब्ज़ी के भाव चुभते होंगे,
पर तुम्हारी बेटी
अब भी
प्याज़-रोटी में भी
अपना स्वाद पा लेती है।

मैंने सिर पर
एक आसमान ओढ़ लिया है, बाबा
अब बादल गरजते हैं
तो भीतर कुछ नहीं काँपता।

तुम देखना,
दो पग ज़मीन भी
धीरे-धीरे जोड़ ही लूँगी।
तुमने जैसे
रेत में पसीना बोकर
घर उगाया था
एक दिन
मैं भी उगा ही लूँगी।

और हाँ बाबा,
वो…
मेरे सिर पर हाथ रखता है,
और उस स्पर्श में
तुम्हारी उँगलियों की गरमी
अब भी बाकी है।

अब तुम
सर उठाकर चला करो।
आकाश में
आजकल तारे बहुत साफ़ दिखते हैं
जैसे किसी ने
पुरानी धूल झाड़ दी हो।
और जब भी
नींद आँखों से रूठे,
तो समझ लेना
तुम्हारी बेटी
अपने हिस्से की जाग
तुम्हारे लिए जी रही है।

अब सच में
सो जाया करो, बाबा
तुम्हारी सारी चिंताएँ
मैंने अपने आँगन की खूँटी पर
बाँध दी हैं।

गुरुवार, मार्च 26

ठीक पहले


ठीक पहले
✍️ अनीता सैनी 
……

ऐसा नहीं है
कि उसे लिखना नहीं आया
स्त्रियाँ बहुत कम लिखती हैं
वे बस जीती हैं।

मोक्ष के द्वार पर
सबसे पहले
पहुँची स्त्री के
पाँवों में आज भी अतीत की धूल है,
आँखों में
अनगिनत जन्मों की थकान,
और हथेलियों में
किसी और के सपनों की रेखाएँ।

वह अपने रास्ते की कथा
पीड़ा की स्याही से
लिख सकती थी
धरती को शब्दों से भर सकती थी,
पर उसने
मौन को ही
अपना आख्यान
लिखने दिया।

उसने पुरुष को
सीने से लगाया
जैसे कोई वृक्ष
आकाश को थाम लेता है,
और उसी क्षण
पहली बार प्रेम में पड़ी स्त्री ने
अपने पाँवों तले की ज़मीन
धीरे से सरका दी।

वह खड़ी रही
देर तक…
पर भीतर नहीं गई
अभी
उसके हाथों
लिखी जानी थी
किसी और की मुक्ति।

और इस तरह,
हर बार
मोक्ष के द्वार से
ठीक पहले
स्त्री
जीवन में
लौट आती है।

मंगलवार, मार्च 24

मौन की तलछट

मौन की तलछट
✍️ अनीता सैनी
नेपथ्य की धूल
कविता की जड़ों में उतरती
वह नमी है,
जो मिट्टी की नसों में बहती है
और पत्तों की हरियाली में
अनकही
उग आती है।

कुएँ की अँधेरी देह में
जल की तरह
ठहर जाती है
जहाँ गिरती हुई आवाज़ें
अपने ही वज़न से
धीरे-धीरे
डूबती हैं,
मौन की तलछट में बदलती,
और फिर
किसी अनजानी प्यास की दरार से
फिर से
कविता की तरह
रिसने लगती हैं।

वह रेत पर चलती
हवा नहीं,
एक अदृश्य खिसकन है
जिसके गुजरते ही
समय का कोई टीला
अपनी जगह
छोड़ देता है।

वह तितली से पहले की
बंद देह है,
जिसे उँगलियाँ
रेशम समझकर छूती हैं,
और भीतर
धीरे-धीरे
गलती हुई उड़ान
किसी और आकाश की
तैयारी करती है।

शब्दों के बाहर की वह जगह
जहाँ चुप्पियाँ
अपने ही टूटे हुए किनारों को
समेटती हैं,
और अर्थ
नेपथ्य की धूल में
धीरे-धीरे
दब जाते हैं।

हर कवि
वहीं आता है
अपने सबसे गहरे सच के साथ,
उन्हें उजाले से बचाकर
उसी अँधेरी तहों में
रख देता है
जहाँ वह 
बिना कहे
सबसे अधिक
ठहरता है।

शुक्रवार, मार्च 6

खार

कविता- खार

✍️ अनीता सैनी 
…..

मरुस्थल ने 
एक ही बात दोहराई
कि
सूरज ने नहीं,
एक महीन सुराख़ ने
समंदर को सोख लिया।

वह सुराख़
पुराना घाव बन जाता है,
जो
कभी पूरी तरह भरता नहीं।

वह बस त्वचा बदल लेता है।
भीतर
लावा की पतली नसें
धीरे-धीरे चलती रहती हैं।

कभी अचानक
कोई स्मृति
अँगुली रख देती है वहाँ
और त्वचा के नीचे
खारे पानी की एक झील
हल्की-सी काँप उठती है।

उसे दवा नहीं चाहिए 
उसे बस 
एक 
अदृश्य ठंडा फाहा चाहिए
जो रिसते हुए स्थान पर
अपना माथा रख दे
और कहे-
“तुम बिखरी नहीं हो,
तुम बस बहुत देर तक
आँधी में खड़ी रही।”

पर यहाँ
आकाश ताँबे का है,
धरती तपे हुए शंख-सी।

हवा-
अपने ही फेफड़ों में
अटकी हुई साँस है।

वह
जो कर्तव्य की लौ में
अपने स्पर्श को तपाकर रखता है,
प्रेम को
अनुशासन की अलमारी में
तह कर देता है।

उसकी चुप्पी
लोहे का दरवाज़ा नहीं,
एक ऐसा कुआँ है
जिसकी गहराई में
पानी तो बहुत है
पर रस्सी छोटी है।

वह
हर दिन
जिम्मेदारियों की थाली में
अपनी साँस परोसता है,
और रात को
आईने में देखता है
आँखों के नीचे
रेत क्यों जमा है?

कभी-कभी
वह अपने ही भीतर
एक मरुस्थल पार करता है।
पाँव जलते हैं,
पर कहीं दूर
धुँधला-सा
एक हरा बिंदु दिखता है।

उसी क्षण
मौन में
एक महीन दरार पड़ती है
जैसे शंख के भीतर
मोती बनने की पहली किरकिराहट।

उसके होंठ नहीं खुलते,
पर भीतर
कोई कहता है-
“सब ठीक होना
घटना नहीं,
धीरे-धीरे उगना है।”

और तब
तपती रेत के नीचे
एक अदृश्य बीज
अपने कठोर खोल को
अंदर से धकेलता है।

मौन
शोर से नहीं फूटता,
वह तब फूटता है
जब वह
अपने ही घाव पर
हवा बनकर बैठ जाता है।

और उसी क्षण
मरुस्थल की लकीरों में
एक नई रेखा जुड़ जाती है
नसीब की नहीं,
निर्णय की।

शुक्रवार, फ़रवरी 20

कालिख का वृत्त


कालिख का वृत्त
✍️ अनीता सैनी
…..
उन दिनों
दसों दिशाओं में
सूखा ही सूखा पसरा पड़ा था
जैसे समय ने अपनी नमी
सोख ली हो।

बादल भी न भीगे,
न धरती का कोई कोर
बस
बिजली की एक रेखा
आकाश से उतरी
और
हरेपन की देह
एक ही क्षण में कोयला हो गई।

चाँद-सूरज
और हवा भी साक्षी थे।
जली हुई टहनियों पर
कभी किसी पक्षी ने
अपना पाँव नहीं रखा।

काली पड़ती छाल की ओर
वसंत ने भी
आँख नहीं उठाई।

बरसों बाद
एक बढ़ई आया,
उसने कालिख में
वृत्त खोज लिया।

अब वह
रास्तों की धूल में नहीं,
धूल की स्मृति में है,
जहाँ
हर घुमाव
मिट्टी से मिलकर
अपना पहला हरापन
धीरे से दोहराता है।

मंगलवार, फ़रवरी 10

जीवन का हस्ताक्षर


जीवन का हस्ताक्षर
✍️ अनीता सैनी
….
बहुत सुंदर संयोग है,
या कहूँ
अर्थ से भरी हुई नियति।

पीछे पलट कर
न देखने की चाह के बावजूद
समय
ख़ुद पलट कर
सामने आ खड़ा होता है।

ठीक उसी तारीख़ के साथ।
7 फ़रवरी, शनिवार
वह दिन
जब किसी नन्ही उँगली ने
मेरी उँगली थामी थी।

और दो दशक बाद
ठीक उसी शनिवार
7 फ़रवरी को
‘खरोंच’
मेरे जीवन में
प्रवेश करती है।

होनी कहती है-

यह कोई
सुंदर संयोग नहीं
जीवन का
अपना हस्ताक्षर है।

पर आप मुझे शुभकामनाएँ कह सकते हैं।
 बच्चों को खूब आशीर्वाद 💐

मंगलवार, जनवरी 27

ख़ाली किनारे


ख़ाली किनारे
✍️ अनीता सैनी
……..
यहाँ इस
समाज नाम की
चारदीवारी में
किसी न किसी को
कुछ न कुछ बचाने का ज़िम्मा
चुपचाप सौंप दिया जाता है।

कोई घर बचाता है,
कोई बच्चों की साँसों में
अपना समय घोल देता है।

कोई रिश्तों की डोर
कसकर थामे रहता है,
तो कोई
पिता की पगड़ी।

कोई धर्म बचाता है,
कोई संस्कार।

हर कंधा
एक भारी गठरी ढोता है,
जिसे उतारने की अनुमति
उसे नहीं होती।

शायद इसलिए,
कि उतारने से पहले
उठाना सिखाया गया था।

कोई जागता है,
पर पूरा नहीं।

कोई चलता है,
पर पाँव अपने नहीं लगते।

और कोई
अपनी ही देह में
पराए मन पाले बैठा है।

वह निषेध
मिटाया नहीं गया,
काट दिया गया।

और 
कटे हुए स्थान पर
कोई खालीपन नहीं,
एक खुरदुरा किनारा रह गया।

वहीं
अर्थ बार-बार ठिठकता है,
रुक-रुक कर गिरता है।

और सच
वह बस उतना ही होता है,
जितना
किसी दूसरे की पीड़ा को
छूते हुए
उँगलियों में
थोड़ी देर ठहर जाए
उससे आगे नहीं।

यहाँ
अकेलापन भी
पूरा नहीं खुलता।

वह लड़खड़ाता हुआ आता है,
कुछ अपने पास रखता है,
कुछ अँधेरे में छोड़ देता है
शायद इसलिए
कि अँधेरा भी
किसी का अपना होता है।

पर मैं
शायद बहुत सौभाग्यशाली हूँ।

मेरे हिस्से
कुछ भी नहीं आया
न धर्म,
न समाज,
न घर,
न रिश्ता,
न परंपरा।

मुझे सिर्फ़
ख़ुद को बचाना था।


बुधवार, जनवरी 21

मौन का पड़ाव



मौन का पड़ाव / अनीता सैनी
…….
उसकी
शिथिल पड़ती जुबान…

पर तुम उस एकांत को
छू नहीं सकते
जहाँ देह नहीं,
भाव
आख़िरी साँस भरते हैं।

वहाँ
शब्द नहीं,
केवल भावों की
अथाह गहराइयाँ हैं,
जिन्हें
कहा नहीं,
बल्कि
जिया जाता है।

स्त्रियों की
डायरियाँ
कभी लिखी नहीं जातीं,
वे
खुलती हैं
नितांत एकांत में।

वहाँ
कल्पना ही नहीं,
स्मृति भी
चुप हो जाती है
क्योंकि
कुछ सच
इतने पूरे होते हैं
कि
उन्हें सँवारना
अपमान जैसा लगता है।

वे
आवाज़ नहीं माँगतीं,
मौन में
खुद को
सुरक्षित रख देती हैं।

उन पन्नों पर
आँसू नहीं,
सिर्फ अस्तित्व
धीरे-धीरे उतरता है।

अगर तुम वहाँ
सहानुभूति लेकर आए, तो
लौट जाओगे,
लेकिन अगर तुम
स्वयं को
उतारकर पढ़ोगे,
तो वहीं,
उस मौन में
ठहर जाओगे।



रविवार, जनवरी 4

उस ओर


उस ओर 

✍️ अनीता सैनी

……

अगर तुम 
ले जा सकते हो,
तो
ले चलो 
उस शोर के पार
जहाँ दुनिया
अपने जूतों की आवाज़
दरवाज़े पर उतार देती है,
और पत्तों की ओट से
धूप
धीरे-धीरे
मन को छू जाती है।

ले चलो 
उस ऊँचाई पर
जहाँ स्त्री
एक प्रश्न नहीं,
एक उत्तर लगती है।
उन रास्तों पर ले चलो 
जहाँ हर सरसराहट
कोई कथा नहीं रचती है,
केवल
एक स्वीकार बनकर
मन में उतर जाती है।

ले चलो 
वहाँ
जहाँ पहली बारिश
धरती को
उसके नाम से पुकारती है,
और मिट्टी
अपनी स्मृति में
सुगंध भर लेती है,
जहाँ आशा
हल की मूठ थामे
फिर से खड़ी हो जाती है।

ले चलो 
उस साँझ के द्वार जो देहरी पर
थकान रखवा देती है,
जहाँ स्पर्श ही भाषा है,
 शब्द
थककर चुप हो जाएँ
और चुप्पी
सबकी साझा भाषा बन जाए।

गुरुवार, जनवरी 1

आत्मा का दर्द


आत्मा का दर्द / 
✍️ अनीता सैनी
…..

मैं
दिन और रात
दोनों करवटों का साक्षी हूँ।

नींद
मेरे भीतर
रास्ता खोजती है,
पर
दर्द
हर दरवाज़े पर
जागता मिलता है।

तभी
अंदर की सबसे गहरी परत में,
बिछा
और वहीं
सबसे ज़्यादा जागता हूँ।

अँधेरे की दरारों में छिपा,
हर साँस के साथ
पहर गिनता
देह के भीतर
एक और मौन
रख देता हूँ।

मेरे न सोने से
चुप्पी जन्म लेती है—
रक्त में घुलती है
धीरे, बहुत धीरे,
जैसे
कोई रंग
जिसे किसी ने देख तो लिया
पर नाम नहीं दिया।

आह!
थकान देह तक आते-आते
मुड़ जाती है।
नींद
मुझे
पहचानने से
इन्कार कर देती है
और
रक्त में
जो मीठा था,
धीरे-धीरे
उतर जाता है।