पानी की गंध
✍️ अनीता सैनी
मैंने अपना पानी का घर ही नहीं,
लहरों के विरुद्ध तैरना भी छोड़ दिया है।
अब कभी सपने से बाहर होती हूँ,
कभी सपने के भीतर।
दोनों जगह
मेरा किरदार मुझसे पहले पहुँच जाता है।
वह मेरी आवाज़ में बोलता है,
मेरी चुप्पी पहनता है,
मेरी आँखों से देखता है
और मेरे हिस्से का दिन
चुपचाप खींच ले जाता है।
मैं हर दिन
एक दिन और उसे सौंप देती हूँ।
अब वह
अतीत की ओट में वर्तमान जीता है
और भविष्य को टालता हुआ
आगे बढ़ जाता है।
कभी-कभी
मैं उसे दूर से देखती हूँ।
वह दरारों पर भी
बिना लड़खड़ाए चलता है।
अब मैं उसे नहीं,
वह मुझे बहलाता है।
और मैं
अपने भीतर कहीं
पानी की गंध तलाशती हूँ।
