Powered By Blogger
प्रेम लिखूँ? लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रेम लिखूँ? लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, फ़रवरी 20

कैसे लिखूँ?


प्रेम लिखूँ! हठ बौराया है 

कैसे?शब्दों का टोकना लिखूँ 

उपमा उत्प्रेक्षा का रूठना 

कैसे स्मृतियों में ढूंढ़ना लिखूँ ?


 कैसे लिखूँ?

मनोभावों के झोंके को

ठहरे जल में उठती हिलोरों को 

कैसे कुहासे-सी चेतना लिखूँ?


अकेलेपन के अबोले शब्द 

अधीर चित्त की छटपटाहट

उफनती भावों की नदी को 

कैसे अल्पविराम पर ठहरना लिखूँ?


इक्के-दुक्के तारों की चमक 

गोद अवचेतन की चेतना 

अकुलाहट मौन हृदय की

कैसे रात्रि का संवरना लिखूँ?


निरुत्तर हुई व्याकुलता

अन्तर्भावना वैराग्य-सी 

प्रेमी प्रेम का प्रतिरूप

कैसे मौन स्पंदन में डूबना लिखूँ?


@अनीता सैनी 'दीप्ति'